गाज़ियाबाद। निर्माण स्थलों से स्टील सरिया चोरी कर विभिन्न राज्यों में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में करीब 27 लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सरिया बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई वेव सिटी थाना पुलिस, एसओजी गाज़ियाबाद और स्वाट टीम गाज़ियाबाद की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लगभग 44 हजार 550 किलोग्राम स्टील सरिया बरामद हुआ है। इसके अलावा तीन भारी ट्रक-ट्रॉला, फर्जी नंबर प्लेट, वजन से छेड़छाड़ करने वाले उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह निर्माणाधीन परियोजनाओं और गोदामों की रेकी कर रात के समय ट्रकों में सरिया लोड कर ले जाता था। बाद में माल को दूसरे राज्यों में कम दाम पर बेच दिया जाता था। गिरोह के सदस्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए तौल मशीन में हेरफेर कर असली वजन छिपाने की भी कोशिश करते थे, ताकि जांच के दौरान चोरी का पता न चल सके।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना आफताब उर्फ अफजल सहित चार लोग शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और अन्य जिलों में दर्ज मामलों की भी जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और निर्माण कारोबारियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बरामदगी के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group