मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में मदरसे से जुड़ी युवती के लापता होने के मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब युवती ने स्वयं सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए एक युवक से निकाह करने की बात कही। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की दिशा बदल गई है और पुलिस अब कानूनी पहलुओं के आधार पर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार चरथावल क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का नाम कुछ दिन पहले उस समय चर्चा में आया था, जब उसके परिजनों ने आरोप लगाया था कि मदरसे से जुड़े मौलवी जुबेर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने इसे अपहरण का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी और इसको लेकर क्षेत्र में काफी हंगामा भी हुआ था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब कथित रूप से लापता युवती ने एक वीडियो जारी किया। वीडियो में युवती ने कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से मौलवी जुबेर के साथ निकाह किया है। युवती ने यह भी बताया कि दोनों एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे और आपसी सहमति से शादी की है। वीडियो में युवती ने अपना निकाहनामा भी दिखाया और कहा कि वह सुरक्षित है तथा उस पर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं है।
बताया जा रहा है कि युवती मदरसे में उर्दू की शिक्षा से जुड़ी हुई थी और वहीं उसकी पहचान जुबेर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। युवती के घर से जाने के बाद परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन युवती के वीडियो सामने आने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया है।
उधर, चरथावल थाना पुलिस का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रारंभिक जांच में युवती के बालिग होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि युवती के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group