मुजफ्फरनगर। जनपद में प्रेम विवाह करने के बाद एक नवविवाहित जोड़ा खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और जान-माल की सुरक्षा की मांग की। दंपति ने आरोप लगाया कि शादी से नाराज लड़की के परिजन लगातार उन्हें धमका रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शहर की मदीना कॉलोनी निवासी फरहा ने नसीरपुर निवासी कासिम के साथ विवाह किया है। दोनों के बीच करीब तीन वर्ष पूर्व एक पारिवारिक समारोह के दौरान जान-पहचान हुई थी, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई। परिजनों के विरोध के चलते दोनों ने 23 मार्च को अपनी मर्जी से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार निकाह किया, जिसके बाद विवाह को कानूनी रूप देने के लिए कोर्ट मैरिज भी कर ली।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे दंपति ने लिखित शिकायत में कहा कि विवाह के बाद से ही फरहा के मायके पक्ष के लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और लगातार फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। आरोप है कि कासिम ही नहीं, बल्कि उसके परिजनों को भी डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
फरहा ने अपने प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया कि उसने यह विवाह अपनी इच्छा से किया है और उस पर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था। इसके बावजूद उसके परिजन इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दंपति को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
