मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र मे दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार हादसा संधावली क्षेत्र स्थित राणा पब्लिक स्कूल मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार युवक किसी काम से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में गांव लोहड़ा निवासी नितिन (लगभग 25 वर्ष) और सुजडू निवासी ट्रैक्टर चालक सुहेल (लगभग 25 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
बताया गया है कि मृतक नितिन के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। करीब एक सप्ताह पहले ही नितिन के पिता का बीमारी के चलते निधन हुआ था, जिसके बाद नितिन बाहर की नौकरी छोड़कर घर आया हुआ था। अब बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
हादसे की सूचना मिलते ही मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
