गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर परिसर में उस समय रोचक और भावुक दृश्य देखने को मिला, जब एक नन्हीं बच्ची ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें अनोखा उपहार भेंट किया। बच्ची की मासूमियत और आत्मविश्वास भरे अंदाज ने वहां मौजूद सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
जानकारी के अनुसार, कानपुर निवासी अभय सिंह राजावत अपनी पत्नी प्रियदम्वा सिंह और पांच वर्षीय पुत्री यशस्विनी सिंह के साथ गोरखनाथ मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम चल रहा था और वह लोगों से मुलाकात कर रहे थे। तभी उनकी नजर छोटी बच्ची यशस्विनी पर पड़ी, जिसे उन्होंने अपने पास बुलाया और स्नेहपूर्वक बातचीत की।
बताया जाता है कि बच्ची अपने साथ एक छोटा पैकेट लेकर आई थी। उसने मुख्यमंत्री से मुस्कुराते हुए कहा कि वह उनके लिए एक गिफ्ट लाई है, लेकिन पहले उन्हें अपनी आंखें बंद करनी होंगी। बच्ची की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने भी हंसते हुए आंखें बंद कर लीं। इसके बाद बच्ची ने उनके हाथ में एक खिलौना बुलडोजर रख दिया। जैसे ही मुख्यमंत्री ने आंखें खोलीं और बुलडोजर देखा, वहां मौजूद लोग हंस पड़े और माहौल खुशनुमा हो गया।
बच्ची ने मासूमियत से कहा कि उन्हें बुलडोजर पसंद है, इसलिए वह उनके लिए यह उपहार लाई है। मुख्यमंत्री ने बच्ची की इस भावनात्मक भेंट को देखकर उसे आशीर्वाद दिया और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। बाद में उन्होंने वह खिलौना बच्ची को वापस देते हुए उसे मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने इस पूरे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने बच्ची की मासूमियत और मुख्यमंत्री के सरल व्यवहार की सराहना की।
