खतौली (आकाश तायल)। मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और एक वांछित गौकश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार थाना खतौली पुलिस एनएच-58 हाईवे से सरधन मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। भागते समय उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस टीम को पास आता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और खेतों की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील पुत्र बिन्नी निवासी रुहासा (मेरठ), हाल निवासी देवीदास मोहल्ला, खतौली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से वांछित चल रहा था और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राम आशीष यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल और सीओ राजकुमार बालियान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र बघेल, राजकुमार बालियान, मनोज कुमार, सूर्य प्रताप सिंह, मोमराज, प्रवीण कुमार, अंकित कुमार, विनित बालियान, मुनीश शर्मा, शीतल देव चौधरी, उमेश कुमार, विकास कुमार, शौबीर, विवेक और मनीष त्यागी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group