बुलंदशहर। जनपद बुलंदशहर में मानवता और मदद की के लिए मुस्लिम समुदाय की महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपने सोने के जेवर, नकद धनराशि और बच्चों की गुल्लक तक दान कर दी। इस पहल को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे सामाजिक एकता और इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शहर के ऊपरकोट क्षेत्र स्थित इमामबाड़ा मोहल्ले में तीन दिवसीय राहत सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और स्वेच्छा से अपने सोने के आभूषण जैसे अंगूठी, चूड़ी, झुमके और छोटे गहने दान पेटी में जमा कर दिए। वहीं पुरुषों ने नकद धनराशि देकर सहयोग किया, जबकि बच्चों ने अपनी गुल्लक तोड़कर बचत राशि दान में दे दी।
आयोजकों ने बताया कि एकत्र की गई धनराशि और आभूषणों को बेचकर जो धन प्राप्त होगा, उसे जरूरतमंद लोगों की चिकित्सा सहायता और अन्य मानवीय कार्यों में लगाया जाएगा। इसके लिए धनराशि संबंधित माध्यम से भेजी जाएगी। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे मानव सेवा का कार्य बताया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और मुसीबत में फंसे लोगों की मदद करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। समाज को धर्म और जाति से ऊपर उठकर मानवता के लिए काम करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे कार्य लोगों को एक-दूसरे की मदद के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group