मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने नवनिर्मित क्षेत्राधिकारी (सीओ) भोपा कार्यालय एवं आवास का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम फीता काटकर एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
गुरुवार को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि क्षेत्राधिकारी कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा और आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य जनता को सुरक्षा के साथ-साथ भरोसे का माहौल देना है, जिसके लिए पुलिस लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि भोपा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शुक्रतीर्थ पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। ऐसे में क्षेत्राधिकारी कार्यालय स्थापित होने से स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षा एवं सहायता की बेहतर सुविधा मिल सकेगी, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा पुलिस के प्रति जनविश्वास बढ़ेगा।
उद्घाटन के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वहां मौजूद बालिकाओं से संवाद भी किया और उन्हें सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112 और 181 की जानकारी देकर जागरूक किया गया तथा किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत्त वाजपेई, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर, क्षेत्राधिकारी जानसठ श्रीमती रुपाली रॉय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
