खतौली(आकाश तायल)। मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। कढ़ली मार्ग पर गांव चाँद समंद के पास गन्ने से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेरठ जनपद के थाना दौराला क्षेत्र के गांव नंगली छोकर निवासी 18 वर्षीय तनिष भाटी अपनी 50 वर्षीय मां ममता के साथ बाइक से जा रहे थे। जब वे खतौली क्षेत्र के कढ़ली मार्ग पर गांव चाँद समंद के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार गन्ने से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मां-बेटे के शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कढ़ली मार्ग पर गन्ने से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में चलती हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई करने और इस मार्ग पर पुलिस चेकिंग बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
