मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रुड़की रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम बच्चे की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया।
बताया जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्र से एक दंपति अपने बीमार बच्चे को उपचार के लिए रुड़की रोड स्थित फोर्टिस हेल्थ केयर सेंटर में लेकर आए थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बच्चे का उपचार सही तरीके से नहीं किया गया और हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर नहीं किया गया। कुछ देर बाद बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।
बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था।
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी मामले की जांच की बात कही जा रही है।
