बरेली। जनपद के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा के एक छात्र की उसके ही दोस्तों द्वारा चाकू मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इज्जतनगर क्षेत्र के अशोक विहार निवासी शिवा पटेल, पुत्र हिमांशु पटेल, 12वीं कक्षा का छात्र था। बताया गया कि शिवा पढ़ाई के साथ-साथ अपने पिता के साथ ई-रिक्शा चलाकर परिवार की आर्थिक मदद भी करता था। शुक्रवार रात शिवा को उसके कुछ दोस्तों ने घर से बुलाया था। वह उनके साथ चला गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
बताया जाता है कि आरोपी युवक शिवा को चार खंभा क्षेत्र स्थित एक स्कूल के पास ले गए, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने शिवा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया गया कि शिवा को तीन बार चाकू मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में शिवा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि छात्र को तीन चाकू मारे गए थे और प्रथम दृष्टया मामला दोस्तों के बीच आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया है।
