मुजफ्फरनगर। जनपद के भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव सिसौली से एक महिला अपने दो बच्चों सहित संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद पति ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से पत्नी और बच्चों की बरामदगी की गुहार लगाई है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सिसौली निवासी देवेन्द्र कश्यप की पत्नी नेहा बीती 21 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 7 बजे अपने दो बच्चों दीपू उर्फ लवेश (लगभग 12 वर्ष) और दीपांशी (लगभग 10 वर्ष) के साथ अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी तीनों का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद परिजनों ने थाने में सूचना दी।
पीड़ित पति देवेन्द्र कश्यप का आरोप है कि महिला घर से जाते समय लगभग 30 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के कुंडल तथा लगभग 18 तोले चांदी की पायल भी साथ ले गई। घटना के बाद परिवार ने रिश्तेदारियों और परिचितों में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
देवेन्द्र कश्यप ने बताया कि 21 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें उसकी पत्नी के बारे में पूछा गया। इसके बाद 22 फरवरी की रात करीब 2 बजे बेटे दीपू के मोबाइल से फोन आया, जिसमें बच्चे ने बताया कि किसी व्यक्ति ने उसकी मां के मुंह पर कपड़ा रखकर बेहोश कर दिया और उन्हें ट्रेन में बैठाकर कहीं ले जाया जा रहा है। इसके बाद फोन बंद हो गया और दोबारा संपर्क नहीं हो सका।
पीड़ित पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। उसने मामले में अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का यह भी कहना है कि उसने मामले की शिकायत थाना भौराकलां में दी थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group