मुजफ्फरनगर, 17 फरवरी 2026। जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति–2025 के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सभागार में प्रस्तुतीकरण एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर कंडारकर देशभूषण ने की। इस दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नीति के विभिन्न प्रावधानों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. निर्वाल ने कहा कि मुजफ्फरनगर में ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इस नीति के माध्यम से गांवों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को इस योजना से जोड़ा जाए ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
रालोद युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विदित मलिक ने प्रदेश सरकार द्वारा नीति लागू किए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे न केवल रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे, बल्कि ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
सीएम फेलो आदित्य त्यागी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के जरिए पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता शर्तों और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस नीति के तहत ग्रामीण, शहरी तथा बेड एंड ब्रेकफास्ट श्रेणी में आवासीय इकाइयों का पंजीकरण कराया जा सकता है। आवासीय भवन के एक से छह कमरों को किराये पर उपलब्ध कराया जा सकेगा। इच्छुक आवेदक पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
लक्ष्य एनजीओ के प्रतिनिधि संदीप उपाध्याय एवं प्रमोद चेतल ने जनपद में ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए देवल और शुकताल गांवों में चल रहे प्रयासों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग द्वारा मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ से प्रशिक्षित चार स्थानीय टूरिस्ट गाइडों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। संगोष्ठी में लगभग 25 लोगों ने होमस्टे योजना के तहत पंजीकरण कराने की इच्छा जताई तथा कुछ ने ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहारनपुर रविशंकर ने बताया कि जनपद में अब तक कुल नौ आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनकी प्रक्रिया जारी है।
समापन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर कंडारकर देशभूषण ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नीति गांवों और कस्बों को राज्य के समग्र विकास में सहभागी बनाएगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, सीएम फेलो कुणाल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
