खतौली(आकाश तायल)। तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी ललित कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में तहसील/ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के गठन एवं अंतर्विभागीय समन्वय को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी विभागों के अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। उपजिलाधिकारी ललित कुमार मिश्रा ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से करें।
बताया गया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का प्रथम चरण 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करेगा, जबकि नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, कृषि, महिला एवं बाल विकास, स्वच्छ भारत मिशन तथा शिक्षा विभाग भी अभियान में सक्रिय सहयोग करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के साथ-साथ आमजन में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाना है।
अभियान के अंतर्गत “दस्तक” कार्यक्रम भी चलाया जाएगा, जिसके तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों और कुपोषण से बचाव के बारे में जागरूक करेंगी। साथ ही लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी राजीव, सीडीपीओ अत्येन्द्र, एडीओ पंचायत अरुण, एचईओ उमेश, बीपीएम जावेद तथा पशुपालन विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group