ककरौली। थाना ककरौली क्षेत्र के जौली मार्ग पर उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब असामाजिक तत्वों द्वारा देवस्थल पर मीट के अवशेष डालने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
बताया जा रहा है कि जौली मार्ग स्थित एक देवस्थल पर सुबह ग्रामीण पूजा के लिए पहुंचे तो वहां मीट के अवशेष पड़े हुए मिले। यह देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और इसे माहौल खराब करने की साजिश बताया। ग्रामीणों का कहना है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश की है।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी, लेकिन समय रहते लोगों ने संयम रखा और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
