
मुजफ्फरनगर, 29 मार्च 26। जनपद में लग रहे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर पंजीकरण व्यवस्था, मरीजों की जांच, दवा वितरण, टीकाकरण और साफ-सफाई की स्थिति को विस्तार से देखा और संबंधित कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जटमुझेड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजलहेड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोकरहेड़ी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मेलों में आए मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य मेलों में आने वाले सभी मरीजों को समय पर जांच और दवा मिलनी चाहिए। दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी रजिस्टर और अभिलेख सही तरीके से अपडेट रखें जाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मकसद गांव और दूर-दराज के लोगों को उनके पास ही इलाज की सुविधा देना है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कहीं लापरवाही मिली तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपने काम को जिम्मेदारी और ईमानदारी से करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
