प्रयागराज/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश में माध्यमिक व उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा नया ई-अधियाचन पोर्टल तैयार कर लिया गया है, जिसके माध्यम से प्रदेश भर के विद्यालयों और कॉलेजों में रिक्त पदों का ब्योरा ऑनलाइन भेजा जाएगा। अधियाचन मिलते ही आयोग नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से विभागों में रिक्त पदों का विवरण मैन्युअल तरीके से भेजा जाता था, जिससे भर्ती प्रक्रिया में काफी देरी होती थी। अब नई व्यवस्था के तहत सभी स्कूल और कॉलेज अपने यहां खाली पदों की जानकारी सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया तेज होने के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
👉इन पदों पर होगी भर्ती
सूत्रों के अनुसार प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली हैं। जिन पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है, उनमें प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT), प्रवक्ता (PGT), प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक और डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों के पद शामिल हैं। कुल रिक्त पदों की संख्या 24 हजार से अधिक बताई जा रही है।
👉अधियाचन मिलते ही जारी होगा विज्ञापन
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही सभी जिलों से रिक्त पदों का अधियाचन आयोग को प्राप्त हो जाएगा, उसके बाद भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया, लिखित परीक्षा और चयन प्रक्रिया शुरू होगी। माना जा रहा है कि भर्ती प्रक्रिया इसी वर्ष शुरू हो सकती है।
👉भर्ती प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन
नई भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने की तैयारी है। आवेदन से लेकर परीक्षा और चयन तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिससे गड़बड़ी की संभावना कम होगी और भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकेगी।
👉अभ्यर्थियों में बढ़ी उम्मीद
प्रदेश में लंबे समय से नई शिक्षक भर्ती न आने से अभ्यर्थी परेशान थे। अब भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की खबर से अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि जल्द भर्ती विज्ञापन जारी होता है तो हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सकता है।
