नई दिल्ली/शामली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शामली जिले के एक कुख्यात हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ उर्फ कट्टा पुत्र यामीन निवासी मोहल्ला कलंदरशाह, थाना शामली के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर तक अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी विवेक त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शामली का एक हथियार तस्कर दिल्ली में अवैध हथियार सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर राजीव मलिक के नेतृत्व में टीम गठित की गई और सीलमपुर इलाके में जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर, कैराना और सहारनपुर क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में अपराधियों को सप्लाई करता था। एक पिस्टल वह 15 से 20 हजार रुपये में खरीदता था और 35 से 40 हजार रुपये में बेच देता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ शामली और कैराना थाने में अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी का संबंध कुछ सक्रिय आपराधिक गिरोहों से भी रहा है।
क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क, हथियार बनाने वाले लोगों और खरीदने वाले अपराधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और जल्द ही कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि उससे और गहन पूछताछ कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। दिल्ली पुलिस ने इस गिरफ्तारी को अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
