मुजफ्फरनगर, 29 मार्च 2026। जनपद मुजफ्फरनगर के उद्योग क्षेत्र के लिए गर्व की बात सामने आई है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग द्वारा कानपुर में आयोजित प्रादेशिक पुरस्कार समारोह में मुजफ्फरनगर की मोरवेल ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड को लघु उद्योग श्रेणी में प्रादेशिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त उद्योग श्री आशीष कुमार ने बताया कि 29 मार्च को कानपुर में आयोजित समारोह में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री श्री राकेश सचान द्वारा विभिन्न जिलों के उत्कृष्ट उद्यमियों को प्रादेशिक पुरस्कार प्रदान किए गए। इस वर्ष मुजफ्फरनगर जनपद से मोरवेल ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड का चयन लघु उद्योग श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
समारोह के दौरान कंपनी के निदेशक श्री फकीर चंद मोघा ने मंच पर पहुंचकर मंत्री श्री राकेश सचान से पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर उद्योग विभाग के अधिकारियों एवं जनपद के उद्यमियों ने कंपनी प्रबंधन को बधाई दी।
सहायक आयुक्त उद्योग ने बताया कि यह पुरस्कार उन उद्यमों को दिया जाता है जिन्होंने उत्पादन, गुणवत्ता, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। मोरवेल ट्यूब्स द्वारा उद्योग क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को देखते हुए चयन समिति ने उन्हें इस सम्मान के लिए चुना।
इस उपलब्धि से जनपद मुजफ्फरनगर के औद्योगिक क्षेत्र को नई पहचान मिली है और अन्य उद्यमियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
