मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना बुढाना क्षेत्र में हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी की मृत्यु के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी उप जिला मजिस्ट्रेट, बुढाना को सौंपी गई है।
उप जिला मजिस्ट्रेट कृष्णकांत विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश संख्या 190/18-बी/2024-27/जे०ए० दिनांक 16 फरवरी 2026 के तहत यह कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पत्र के क्रम में यह निर्णय लिया गया है कि 12 फरवरी 2026 को थाना बुढाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ की घटना की विधिवत मजिस्ट्रियल जांच कराई जाए।
मुठभेड़ में मारे गए अभियुक्त की पहचान अमजद पुत्र जिलेदीन, निवासी ग्राम हरसौली, थाना शाहपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार वह 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से की जाएगी। यदि इस घटना का कोई चश्मदीद गवाह, जनसाधारण, सभासद या ग्राम प्रधान घटना के संबंध में कोई लिखित या मौखिक जानकारी देना चाहता है, तो वह 23 फरवरी 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में उप जिला मजिस्ट्रेट, बुढाना के न्यायालय अथवा कार्यालय में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकता है।
प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निष्पक्ष जांच के लिए तथ्यों और साक्ष्यों का सामने आना आवश्यक है।
