मुजफ्फरनगर, 29 मार्च 26। थाना ककरौली क्षेत्र के ग्राम खोखनी में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने समय रहते नियंत्रित कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह थाना ककरौली क्षेत्र के ग्राम खोखनी में गांव के बाहर राजवाहे के किनारे खेत में बनी एक समाधि के पास मांस के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना ककरौली पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मुर्गे का वेस्टेज वहां डाल दिया गया था, जिससे क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस ने तत्काल जेसीबी और ट्रैक्टर बुलाकर मौके की सफाई कराई और अवशेषों को जमीन में दबवा दिया, ताकि स्थिति सामान्य हो सके। इसके बाद थाना ककरौली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अल्तमश पुत्र ताहिर (21 वर्ष), शानेआलम पुत्र ताहिर (30 वर्ष), सालिम पुत्र कासिम (40 वर्ष), अनस पुत्र इरफान (26 वर्ष) तथा सावेज पुत्र मुबारिक (24 वर्ष) निवासी ग्राम तेवड़ा, थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भोपा और थाना ककरौली पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
