

मुजफ्फरनगर, 30 मार्च 26। नई मंडी थाना क्षेत्र के शेरनगर स्थित जानसठ रोड पर सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजनौर निवासी लगभग 70 वर्षीय मुंशी अपनी पुत्री से मिलने शेरनगर आए हुए थे। सोमवार को वह जानसठ रोड पर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही थार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध व्यक्ति उछलकर दूर जा गिरा और सड़क पर गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार कार पर बड़े अक्षरों में “रफ्तार” लिखा हुआ था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
