शामली, 30 मार्च 26। जनपद शामली की कैराना थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 4 करोड़ रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है। मामले में पुलिस अब सहारनपुर जिले से जुड़े तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कैराना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक भारी मात्रा में स्मैक लेकर बुच्चा खेड़ी से ऊंचागांव की ओर जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अहसान निवासी गांव तीतरवाड़ा, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से नशा तस्करी के कारोबार से जुड़ा हुआ था और स्मैक सहारनपुर जिले के एक सप्लायर से लाकर शामली, कैराना और आसपास के क्षेत्रों में बेचता था। वह स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर युवाओं को सप्लाई करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो से अधिक स्मैक, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो जिले में अब तक की बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में दबिश दे रही है और सहारनपुर कनेक्शन की भी गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group