मुजफ्फरनगर, 30 मार्च 2026।
जनपद मुजफ्फरनगर में निजी चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार दूसरे दिन भी औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों की व्यवस्थाएं जांची गईं, जिनमें एक अस्पताल में अभिलेखों की कमी पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार तथा स्टेनोग्राफर दीपक कुमार शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले मदीना चौक स्थित अपना हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक तो मौके पर उपस्थित मिले, लेकिन अभिलेख पूर्ण न होने और कागजी रिकॉर्ड में कमी पाए जाने पर अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर अभिलेख दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद टीम ने मदीना चौक स्थित सोफिया सेंटर का निरीक्षण किया। जांच में संस्थान आयुर्वेदिक पद्धति में पंजीकृत पाया गया, लेकिन निरीक्षण के समय वहां कोई मरीज भर्ती नहीं मिला। इसके बाद मलिक मेडिकल का निरीक्षण किया गया, जहां अस्पताल आयुर्वेदिक पद्धति में पंजीकृत पाया गया तथा आयुर्वेदिक चिकित्सक उपस्थित मिले, लेकिन कोई भी मरीज भर्ती नहीं था।
निरीक्षण के अगले चरण में अलीना हॉस्पिटल की जांच की गई। यहां भी अस्पताल आयुर्वेदिक पद्धति में पंजीकृत मिला और चिकित्सक मौजूद पाए गए, किन्तु निरीक्षण के समय कोई मरीज भर्ती नहीं था। अंत में टीम ने विश्वास हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जो विधिवत पंजीकृत पाया गया, लेकिन निरीक्षण के दौरान वहां भी कोई मरीज मौजूद नहीं मिला।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी निजी चिकित्सालय संचालकों को निर्देशित किया कि अपने सभी अभिलेख पूर्ण एवं अद्यतन रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी अस्पताल में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group