बागपत, संवाददाता। जनपद बागपत के थाना क्षेत्र के गांव निवाड़ा में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक पर कैंची और चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवाड़ा निवासी दानिश पुत्र इकबाल सोमवार को किसी काम से बाजार की ओर जा रहा था। रास्ते में उसकी मुलाकात गांव के ही सुल्तान और आमिर से हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान आरोपियों ने अचानक अपने पास रखी कैंची और चाकू निकाल लिए और दानिश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से दानिश संभल नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा। उसके शरीर से काफी खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों और राहगीरों ने घायल युवक को संभाला और घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बागपत भिजवाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल युवक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सुल्तान और आमिर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
