बागपत, 30 मार्च 26। जनपद बागपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम मेरठ ने नगर पंचायत रटौल से जुड़े एक संविदाकर्मी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एक मामले में मदद कराने और पक्ष में निर्णय करवाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रटौल नगर पंचायत में संविदा पर कार्यरत कर्मचारी निशू त्यागी, जो ड्राइवर के पद पर तैनात बताया गया है, ने एक व्यक्ति से मुकदमे में मदद कराने और काम निपटाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत मेरठ स्थित एंटी करप्शन संगठन से कर दी, जिसके बाद टीम ने पूरे मामले की जांच कर ट्रैप की योजना तैयार की।
एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को केमिकल पाउडर लगे नोट देकर आरोपी को देने के लिए भेजा। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को एक लाख रुपये दिए और आरोपी ने पैसे अपने हाथ में लिए, उसी समय पहले से आसपास मौजूद एंटी करप्शन टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। टीम ने मौके पर ही आरोपी के हाथ धुलवाए, जिनमें केमिकल की पुष्टि हो गई, जिससे रिश्वत लेने की बात प्रमाणित हो गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को खेकड़ा कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस घटना के बाद नगर पंचायत से जुड़े कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी कामों में रिश्वतखोरी की शिकायतें पहले भी आती रही हैं, लेकिन इस तरह रंगे हाथ गिरफ्तारी होने से विभाग में खलबली मच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group