आगरा। जनपद आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र में तैनात एक दरोगा पर अपनी पत्नी को कथित रूप से जहर देकर मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और जहर देकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना न्यू आगरा में तैनात दरोगा लोकेश भाटी अपनी पत्नी मीनाक्षी के साथ लॉयर्स कॉलोनी क्षेत्र में रह रहे थे। महिला के परिजनों का आरोप है कि शादी के समय उन्होंने दहेज में काफी सामान और एक गाड़ी दी थी, लेकिन शादी के बाद से ही दरोगा लोकेश भाटी लगातार फॉर्च्यूनर कार की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर वह अपनी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।
बताया गया कि घटना वाले दिन दरोगा का भाई भी घर आया हुआ था। आरोप है कि उसने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसकी शिकायत महिला ने अपने पति से की। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। महिला पक्ष का आरोप है कि विवाद के बाद दरोगा ने मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे महिला की हालत बिगड़ गई।
महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग भी आगरा पहुंच गए और उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
वहीं दरोगा लोकेश भाटी का कहना है कि पत्नी ने खुद ही जहरीला पदार्थ खाया है। उनका कहना है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पत्नी ने यह कदम उठाया। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए दहेज और जहर देने के आरोपों को निराधार बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group