आगरा। जनपद के थाना न्यू आगरा क्षेत्र में एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने परिचित युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि क्षेत्र का रहने वाला लक्ष्मण नामक युवक उसके परिचितों में शामिल था और घर-परिवार में उसका आना-जाना भी था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने एक दिन उसे मिलने के बहाने बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। नशीला पदार्थ पीते ही युवती बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो बना लिया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने वीडियो दिखाकर उसे बदनाम करने की धमकी दी और कहा कि यदि उसने किसी को बताया तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। बदनामी के डर से पीड़िता चुप रही, जिसके बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी ने कई बार उससे पैसे भी वसूले और जब भी युवती पैसे देने से मना करती तो वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।
बताया गया है कि आरोपी ने कई बार 10-10 हजार रुपये भी युवती से लिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के ससुराल में वीडियो भेजने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। लंबे समय तक ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और थाना न्यू आगरा में आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है तथा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है
