शामली। जनपद शामली में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को हरिद्वार और मथुरा का ब्राह्मण बताने वाले ठगों ने पूजा-पाठ के नाम पर एक व्यापारी को अपने जाल में फंसाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने के आभूषण ठग लिए। घटना का पता कई दिन बाद चला जब व्यापारी ने पूजा में रखी पोटली खोली तो उसमें सोने के जेवर की जगह चावल निकले। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना शामली शहर के नया बाजार क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां के निवासी व्यापारी अशोक गर्ग के घर कुछ दिन पहले दो व्यक्ति पहुंचे। उन्होंने अपने आप को हरिद्वार और मथुरा का ब्राह्मण बताते हुए घर में पितृ दोष और अशुभ प्रभाव होने की बात कही। ठगों ने कहा कि इसी कारण परिवार में बीमारी और परेशानियां चल रही हैं और विशेष पूजा कराने से सब ठीक हो जाएगा।
ठगों ने व्यापारी और उनके परिवार को विश्वास में लेकर घर में पूजा कराई। पूजा के दौरान उन्होंने कहा कि घर के सोने के आभूषण एक पोटली में रखकर पूजा करनी होगी तभी दोष समाप्त होगा। ठगों की बातों में आकर व्यापारी ने घर के सोने के आभूषण पोटली में रख दिए। पूजा के दौरान ठगों ने मंत्रोच्चार करते हुए पोटली को कपड़े में बांधा और पूजा की प्रक्रिया पूरी की।
इसी दौरान ठगों ने चालाकी से असली पोटली बदल दी और उसकी जगह दूसरी पोटली रख दी। पूजा समाप्त होने के बाद उन्होंने परिवार से कहा कि यह पोटली 8–10 दिन तक मंदिर या पूजा स्थान पर रखी रहे, उससे पहले इसे नहीं खोलना, नहीं तो पूजा का असर खत्म हो जाएगा।
परिवार ने उनकी बात मान ली और पोटली को पूजा स्थान पर रख दिया। कुछ दिन बाद जब परिवार ने पोटली खोली तो उसमें सोने के आभूषण की जगह चावल और अन्य सामान निकला। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद व्यापारी ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
