मुजफ्फरनगर, 31 मार्च 26। शहर के सरवट क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में मंगलवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मदीना कॉलोनी निवासी इरशाद (32 वर्ष), उसकी पत्नी नूरीन (30 वर्ष), दो वर्षीय पुत्र आहिल और लगभग एक माह की पुत्री अक्सा अपने घर में मृत पाए गए। बताया जाता है कि इरशाद पेंट का काम करता था। उसका शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे घटना और भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हो रही थी। इसके बाद रात में घर से कोई आवाज नहीं आई। सुबह काफी देर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला और कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
परिवार के लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले इरशाद की बहन घर आई थी, जिसे उसने ईदी के तौर पर 1700 रुपये दिए थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद के बाद यह दर्दनाक घटना हुई, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group