मुज़फ्फरनगर, 31 मार्च 2026। आगामी 2 अप्रैल को आयोजित होने वाले बालाजी जन्मोत्सव के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बालाजी मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मंत्री ने नगर मजिस्ट्रेट, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाकर उसे सख्ती से लागू करने को कहा।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि बालाजी जन्मोत्सव की शोभायात्रा जनपद की आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित हों, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और कार्यक्रम सुरक्षित व सफलतापूर्वक सम्पन्न हो।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएंगी और आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
इस अवसर पर मंदिर समिति के संरक्षक भीम सैन कंसल सहित हरी शंकर तायल, सुनील तायल, कुलदीप कुमार, रजत गोयल तथा अन्य पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group