मुज़फ्फरनगर। जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के बसी कलां गांव में पारिवारिक कलह ने ऐसा भयावह रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। प्रेम प्रसंग को लेकर उपजे विवाद में एक युवती ने अपनी ही चार वर्षीय भतीजी की हत्या कर दी और विरोध करने पर भाभी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गांव निवासी 25 वर्षीय माना का पिछले दो वर्षों से गांव के ही युवक आदिल से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार इस रिश्ते को लेकर घर में अक्सर तनातनी रहती थी। माना की भाभी फिरदौस उसे युवक से दूरी बनाने की सलाह देती थीं, जिससे दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी रंजिश ने खौफनाक साजिश का रूप ले लिया।
सोमवार देर शाम परिवार के लिए बने खाने और दूध में नींद की गोलियां मिलाने का आरोप है। परिवार के सदस्य भोजन करने के बाद अचेतावस्था में चले गए। देर रात आरोपी युवती ने सो रही अपनी चार वर्षीय भतीजी इसरा को उठाया और आंगन में रखी पानी की टंकी में डाल दिया। टंकी का ढक्कन बंद कर वह वापस कमरे में आ गई। इसके बाद जब भाभी को होश आया और उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी ने उन पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।
घटना के बाद युवती ने शोर मचाते हुए बाहरी हमलावरों की कहानी गढ़ने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। पानी की टंकी से बच्ची का शव बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान में विरोधाभास मिला, जिसके बाद सख्ती से पूछने पर उसने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
घायल फिरदौस को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और नशीली दवाइयों के अवशेष भी बरामद कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
