सूरत/लखनऊ, 31 मार्च 26। गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के एक ही परिवार के पांच लोगों की आग में जलकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब घर में साड़ियों की पैकिंग का काम चल रहा था और अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद महिलाएं और एक मासूम बच्चा बाहर नहीं निकल सके।
पुलिस के अनुसार घटना सूरत के लिंबायत क्षेत्र स्थित मीठी खाड़ी इलाके की है, जहां एक तीन मंजिला मकान में साड़ी पैकिंग का काम किया जाता था। उसी मकान में परिवार के लोग रहते भी थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मकान के एक कमरे में रखे बिजली बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे पास में रखी फोम शीट और पैकिंग सामग्री ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग और धुआं पूरे मकान में फैल गया।
हादसे के समय घर में अधिकतर महिलाएं और एक छोटा बच्चा मौजूद था, जबकि परिवार के पुरुष सदस्य काम पर बाहर गए हुए थे। आग लगने के बाद घर के अंदर जहरीला धुआं भर गया, जिससे अंदर मौजूद लोग बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद अंदर से पांच लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शहनाज बेगम अंसारी (65 वर्ष), हुसा बेगम अंसारी (18 वर्ष), शबीना अंसारी (28 वर्ष), परवीन अंसारी (19 वर्ष) और सुभान अली अंसारी (4 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं और सूरत में साड़ी पैकिंग का काम करके अपना जीवन यापन कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिस कमरे में बिजली बोर्ड था, वहीं पैकिंग के लिए फोम और कपड़े का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरा मकान धुएं से भर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group