मुजफ्फरनगर, 31 मार्च 26। आगामी 2 अप्रैल को निकलने वाली श्री बालाजी जन्मोत्सव की भव्य शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव करते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। शोभायात्रा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा तथा कई स्थानों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा, जिससे आम लोगों को पहले से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
जानकारी के अनुसार श्री बालाजी जन्मोत्सव के अवसर पर शोभायात्रा भरतिया कॉलोनी स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और बाजारों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पर पहुंचेगी। शोभायात्रा के मार्ग में नवीन मंडी क्षेत्र, मुनीम कॉलोनी, जैन कन्या इंटर कॉलेज मार्ग, बड़ा डाकखाना, गौशाला रोड, पुरानी गुड़ मंडी, पीठ बाजार, चौड़ी गली, बिंदल बाजार, मेहता क्लब रोड, वकील रोड, बड़ी धर्मशाला चौक, भोपा पुल, मालवीय चौक, अंसारी रोड, मोती महल सर्राफा बाजार, भगत सिंह रोड, शिव चौक, बालाजी चौक, थाना सिविल लाइन, गांधी कॉलोनी, लाल द्वार, माता वैष्णो देवी मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर और द्वारिकापुरी सहित कई मार्ग शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान इन मार्गों पर भारी भीड़ और वाहनों का दबाव रहने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। शहर के बाहरी क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और उन्हें बाईपास मार्गों से निकाला जाएगा। वहीं शहर के अंदर रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे शोभायात्रा वाले मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं और वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें।
प्रशासन ने यह भी बताया कि शोभायात्रा के दौरान पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस और स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
