
मुजफ्फरनगर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, केशवपुरी, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर में सेवानिवृत्त आचार्यों के सम्मान में एक गरिमामय आचार्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में सादगी और सम्मान के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय प्रबंध समिति, आचार्य बंधु-बहनों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त हुए प्रधानाचार्य श्री कौशल आर्य, आचार्य श्री भोपाल सिंह, श्री सुनील कुमार शर्मा, श्री नरेंद्र कुमार, कार्यालय प्रमुख श्री हरिराम सैनी तथा श्री प्रीतम सिंह को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने सभी सेवानिवृत्त आचार्यों की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि इन सभी ने विद्यालय और शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे सदैव स्मरण रखा जाएगा।
विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि एक शिक्षक केवल पढ़ाने का कार्य नहीं करता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सेवानिवृत्त हो रहे सभी आचार्यों ने अपने कार्यकाल में अनुशासन, संस्कार और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त आचार्यों ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का समापन सम्मान एवं आशीर्वचन के साथ भावुक वातावरण में हुआ।
