मुजफ्फरनगर, 31 मार्च 2026। जनपद में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की बढ़ती मांग और रजिस्ट्रेशन केंद्र पर लग रही भीड़ को देखते हुए इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने नए कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन समय में विस्तार कर दिया है। अब इच्छुक उपभोक्ता सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक सप्ताह के सातों दिन कार्यालय में पहुंचकर नए पीएनजी गैस कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इससे पहले रजिस्ट्रेशन का समय शाम 6 बजे तक निर्धारित था, लेकिन लगातार बढ़ती भीड़ और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय सीमा को बढ़ाकर रात 10 बजे तक कर दिया गया है। इस निर्णय से नौकरीपेशा और व्यस्त लोगों को भी रजिस्ट्रेशन कराने में सुविधा मिलेगी।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के जीए हेड एवं मुख्य महाप्रबंधक (मुजफ्फरनगर, शामली एवं मेरठ) दिलीप कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में पीएनजी कनेक्शन के लिए लोगों में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्रेशन कराने पहुंच रहे हैं। उन्होंने सभी इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि समय पर कनेक्शन मिल सके।
उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के कार्यालय, स्वरूप स्क्वायर, प्रथम तल, महावीर चौक, मुजफ्फरनगर पर किया जा रहा है। कनेक्शन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दिए जाएंगे, इसलिए इच्छुक उपभोक्ता देर न करें।
पीएनजी गैस को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के लिए बेहतर ईंधन माना जाता है, जिससे गैस सिलेंडर की परेशानी भी खत्म हो जाती है। कंपनी ने बताया कि नए पीएनजी कनेक्शन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 7428097827 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन और कंपनी को उम्मीद है कि समय बढ़ाने से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तेज होगी और अधिक से अधिक लोगों को पीएनजी कनेक्शन का लाभ मिल सकेगा।
