मुजफ्फरनगर। शहर में पुलिस की सतर्कता और ईमानदारी का एक सराहनीय मामला सामने आया है, जहां सिविल लाइन थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से लाखों रुपये के आभूषणों से भरा खोया हुआ बैग बरामद कर उसके मालिक को सकुशल वापस कर दिया। बैग मिलने के बाद परिवार ने पुलिस टीम का आभार जताया और कहा कि पुलिस ने उनकी उम्मीद और इज्जत दोनों बचा ली।
जानकारी के अनुसार शहर के पारस एन्क्लेव निवासी अमित कुमार शर्मा अपनी बुजुर्ग माता के साथ बाइक से आर्य समाज रोड होते हुए हनुमान चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक के हैंडल पर टंगा एक बैग रास्ते में कहीं गिर गया। जब कुछ दूरी बाद उन्हें बैग के गायब होने का पता चला तो उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग नहीं मिला। बैग में करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण व अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था, जिससे परिवार काफी परेशान हो गया।
इसके बाद पीड़ित ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम का गठन किया और बैग की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आर्य समाज रोड से हनुमान चौक तक लगे करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कई घंटों की जांच के बाद पुलिस को बैग गिरने की सही जगह और उसके बाद की पूरी गतिविधि का सुराग मिल गया।
जांच के आधार पर पुलिस टीम ने बैग को बरामद कर लिया और बैग में रखे सभी आभूषण व सामान सुरक्षित पाए गए। इसके बाद पुलिस ने बैग को उसके मालिक अमित कुमार शर्मा को सौंप दिया। बैग वापस मिलने पर अमित शर्मा और उनकी माता भावुक हो गए और पुलिस टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका सामान इतनी जल्दी और सुरक्षित वापस मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group