गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद जनपद के लोनी क्षेत्र में अंतरधार्मिक प्रेम विवाह का मामला खूनी वारदात में बदल गया, जहां एक प्रोफेसर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप उसकी ससुराल पक्ष पर लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार लोनी क्षेत्र की गीतांजलि कॉलोनी निवासी नितिन राठी पेशे से प्रोफेसर थे। उन्होंने करीब एक वर्ष पहले दूसरे समुदाय की युवती मुस्कान से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि इस विवाह से युवती का परिवार नाराज था और तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। कई बार दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ था।
बताया गया कि घटना वाले दिन युवती के परिजनों ने समझौते और बातचीत के बहाने नितिन को बुलाया था। नितिन अपने भाई के साथ वहां पहुंचा था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने नितिन के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
बताया जा रहा है कि बाद में घायल अवस्था में नितिन को इलाके के पास छोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया गया, जहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी से नाराज ससुराल पक्ष के लोगों ने सुनियोजित तरीके से नितिन को बुलाया और उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
