मथुरा/छाता। मथुरा जनपद के थाना छाता क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 स्थित एक ढाबे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान मौके से 5 युवतियों सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद हाईवे किनारे संचालित ढाबों और होटलों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना छाता क्षेत्र के अंतर्गत दौताना के पास स्थित एक ढाबे के संबंध में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि ढाबे की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा भी कई बार इस संबंध में शिकायत की गई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा के निर्देशन में एक टीम गठित की गई और पूरे मामले की गोपनीय तरीके से जांच कराई गई।
सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ढाबे पर अचानक छापेमारी कर दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर सभी संदिग्धों को मौके से ही पकड़ लिया। पुलिस ने ढाबे के कमरों की तलाशी ली, जहां आपत्तिजनक स्थिति में युवक-युवतियां मिले।
पुलिस ने मौके से 5 युवतियों और 4 युवकों को हिरासत में लिया। इसके अलावा पुलिस को कमरे से आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि ढाबे पर आने वाले ग्राहकों को कमरे उपलब्ध कराए जाते थे और इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी। पुलिस अब इस पूरे रैकेट को संचालित करने वाले मुख्य व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर कई ढाबों और होटलों में इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे हाईवे क्षेत्र में अभियान चलाकर जांच कराने की मांग की है ताकि इस तरह के अवैध धंधों पर पूरी तरह रोक लग सके।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोगों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group