मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना शाहपुर क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना शाहपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कसेरवा नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान साजिद उर्फ भूटानी पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी ग्राम रसूलपुर दभेड़ी, थाना बुढाना, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ गौवध, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group