
मुजफ्फरनगर, 1 अप्रैल 2026। थाना तितावी क्षेत्र के ग्राम हैदरनगर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पिता और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार तितावी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम हैदरनगर जाने वाले मार्ग पर एक स्कूल बस और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
जांच में पाया गया कि मोटरसाइकिल पर एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। हादसे में मोटरसाइकिल चालक महिपाल पुत्र प्रकाश (उम्र लगभग 45 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में उनके पुत्र अभि (उम्र लगभग 8 वर्ष) और पुत्री राधिका (उम्र लगभग 12 वर्ष) की भी मौत हो गई। वहीं महिपाल की पत्नी पूनम (उम्र लगभग 45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सभी मृतक और घायल ग्राम हैदरनगर, जलालपुर थाना तितावी, जनपद मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में स्थानीय पुलिस ने स्कूल बस चालक को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
