शामली। जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि पर फर्जी तरीके से प्लॉटिंग कर बेचने का मामला सामने आया है। भूमि स्वामी की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झिंझाना कस्बे के मोहल्ला ब्राह्मणान निवासी मनोज कुमार मित्तल ने पुलिस अधीक्षक शामली को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी ग्राम बलवा क्षेत्र में स्थित भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से कब्जा करने और प्लॉट काटकर बेचने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उक्त भूमि को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है तथा न्यायालय द्वारा भूमि पर किसी प्रकार का हस्तक्षेप न करने के आदेश भी दिए गए थे, इसके बावजूद आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन को प्लॉटिंग दिखाकर अन्य लोगों को बेच दिया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने जमीन पर हो रही प्लॉटिंग और बिक्री का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की, जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने इस मामले में जयपाल निवासी ग्राम बलवा, सोनू निवासी दयानंद नगर, करण, भारती, मितलेश, सुरेश, लोकेश कुमार निवासी खेड़ी तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group