मुजफ्फरनगर, 1 अप्रैल 2026। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रोहाना का बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, भवन निर्माण की गति और स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा होना चाहिए ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहाना का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों और स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के क्रम में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बहेड़ी रोहाना का भी निरीक्षण किया गया। यहां आयुष्मान भारत योजना के तहत दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों की उपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निरीक्षण और मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि आम जनता को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
