मुजफ्फरनगर, 1 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद मुजफ्फरनगर में ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ का भव्य शुभारंभ बुधवार को वहलना नगर क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार श्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री वीरपाल निर्वाल एवं जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया तथा छात्र-छात्राओं को पुस्तकें, पेंसिल एवं अन्य शैक्षिक सामग्री से युक्त किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ” जैसे नारों से क्षेत्र का माहौल शिक्षा के प्रति जागरूकता से गूंज उठा।


अपने संबोधन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि स्कूल चलो अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से चलने वाला जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा मजदूरी या अन्य कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने कहा कि शिक्षा ही समाज को सशक्त और राष्ट्र को समृद्ध बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि जनपद में घर-घर सर्वे कर ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी जो स्कूल नहीं जा रहे हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। ऐसे बच्चों का पुनः नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि ईंट-भट्टों, मलिन बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग, जूते-मोजे और मध्यान्ह भोजन की सुविधा दी जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी शिक्षा प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और प्रत्येक पात्र बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर वहलना सभासद विपिन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, डायट प्राचार्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी, शिक्षक संघ से वंदना बलियान, सीमा गुप्ता, कपिल चौधरी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group