मेरठ। शहर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे अवैध कारखाने का खुलासा किया, जहां नामी कंपनियों की ब्रांडिंग लगाकर नकली प्रेशर कुकर, मिक्सर और गैस स्टोव तैयार किए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार और अधबना माल बरामद किया गया है, जबकि फैक्ट्री संचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। यह फैक्ट्री एक रिहायशी इलाके में किराए के भवन में संचालित हो रही थी। मौके से इंतजार (30) निवासी मोहल्ला कुरेशियान, बरनावा, थाना बनौली, जनपद बागपत को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी पिछले काफी समय से घरेलू उपयोग के उपकरणों पर नामी कंपनियों के फर्जी लोगो लगाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था।
छापेमारी के दौरान 190 से अधिक मिक्सर मशीनें, दर्जनों प्रेशर कुकर, सैकड़ों गैस स्टोव, बड़ी संख्या में मिक्सर जार, कुकर के ढक्कन तथा पैकिंग सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के छपे हुए डिब्बे, स्टीकर और लोगो भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक आकलन में बरामद माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तैयार उत्पादों को सस्ते दामों पर आसपास के जिलों में खपाया जाता था, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान और सुरक्षा का खतरा दोनों पैदा हो रहे थे। मामले में कॉपीराइट उल्लंघन, धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और माल किन-किन बाजारों में भेजा जा रहा था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान में लंबे समय से मशीनों की आवाज आती थी, लेकिन अंदर क्या काम चल रहा है इसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
