मुजफ्फरनगर, 1 अप्रैल 2026। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अप्रैल माह में चलाए जाने वाले “संचारी रोग नियंत्रण अभियान” का बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जनजागरूकता के लिए रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक पूरे जनपद में संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगी तथा साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरजनित रोगों से बचाव और जनजागरूकता से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस सहित अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। लोगों को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखने, कहीं भी पानी जमा न होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रांत तेवतिया, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह एवं डॉ. शमशेर आलम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सहयोग करें, अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को संचारी रोगों से सुरक्षित रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group