मुजफ्फरनगर, 1 अप्रैल 2026। जनपद में महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार नियोजन सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को “अंतरा सबक्यूटेनियस इंजेक्शन” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर एक साथ परिवार नियोजन की यह नई सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और प्रभावी गर्भनिरोधक विकल्प उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, डॉ. आभा शर्मा एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि “अंतरा सबक्यूटेनियस इंजेक्शन” महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, सरल और प्रभावी परिवार नियोजन विधि है, जिससे एक बार इंजेक्शन लगने के बाद तीन माह तक गर्भधारण से सुरक्षा मिलती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के प्रति जागरूक किया जाएगा और यह सुविधा सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने बताया कि यह इंजेक्शन त्वचा के नीचे लगाया जाता है, जिससे यह कम दर्दनाक और उपयोग में आसान होता है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर सेवाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी योजना बनाई गई है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकें। विभाग ने महिलाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर “अंतरा इंजेक्शन” के बारे में जानकारी प्राप्त करें और परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ लें।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार और जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
