शामली। धार्मिक अनुष्ठान और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का शामली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सदर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 20 हजार रुपये नकद, ज्योतिष से संबंधित फर्जी डिग्रियां, ज्योतिष पत्रिका, बैग और पहचान से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी तांत्रिक और ज्योतिषी बनकर व्यापारियों और संपन्न परिवारों को निशाना बनाते थे।
पुलिस के अनुसार घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के नया बाजार मोहल्ले की है, जहां एक व्यापारी के घर कुछ लोग ज्योतिषी बनकर पहुंचे और घर में दोष तथा नकारात्मक ऊर्जा होने की बात कही। आरोपियों ने परिवार को विश्वास में लेकर विशेष पूजा और झाड़-फूंक करने की बात कही। पूजा की प्रक्रिया के दौरान आरोपियों ने घर के सोने-चांदी के आभूषण एक स्थान पर इकट्ठा करवा लिए। इसी दौरान मौका देखकर आरोपी जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश उर्फ गंगा शरण निवासी चंद्रलोक कॉलोनी हापुड़, श्रीनिवास उर्फ गोपाल शरण निवासी चंडौस जनपद अलीगढ़, शंकर निवासी चंद्रलोक कॉलोनी हापुड़ तथा जतन निवासी चंद्रलोक कॉलोनी हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी से प्राप्त 8 लाख 20 हजार रुपये नकद, ज्योतिष से संबंधित दो फर्जी डिग्रियां, एक ज्योतिष पत्रिका, एक बैग तथा ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी पहले लोगों का विश्वास जीतते थे और फिर पूजा-पाठ के नाम पर उनके जेवरात बदल देते थे। ठगी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को आरोपी लगभग एक महीने के भीतर बेच देते थे और प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संभावना है कि यह गिरोह अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
