बागपत। बागपत विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के
खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेरठ रोड क्षेत्र में बने 13 अवैध निर्माणों को ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राधिकरण अधिकारियों द्वारा मेरठ रोड क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई भवन और निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जाते पाए गए। जांच में सामने आया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं द्वारा विकास प्राधिकरण से नक्शा पास कराए बिना ही निर्माण कार्य कराया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। इसके बाद प्राधिकरण ने सभी 13 निर्माणों को अवैध मानते हुए भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दिया।
जारी नोटिस में भवन स्वामियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने भवन का स्वीकृत मानचित्र और संबंधित दस्तावेज प्राधिकरण में प्रस्तुत करें। यदि समय सीमा के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित निर्माणों को सील करने के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं भवन स्वामी की होगी।
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध कॉलोनियों और बिना मानचित्र के निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन कर निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विकास प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत अवश्य कराएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
