मुरादाबाद। एसटीएफ और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उधम सिंह गैंग से जुड़े एक कुख्यात शार्प शूटर को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। मारा गया बदमाश आशु उर्फ मोंटी निवासी जनपद हापुड़ बताया गया है, जिस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से रंगदारी, हत्या के प्रयास और लूट जैसी घटनाओं में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेरठ एसटीएफ को सूचना मिली थी कि उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर मुरादाबाद क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बदमाश को पुलिस द्वारा तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से एक कार, पिस्टल, रिवॉल्वर, बंदूक और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आशु उर्फ मोंटी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न थानों में करीब 36 मुकदमे दर्ज थे। बताया जा रहा है कि वह एक बड़े कारोबारी से करीब 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी वांछित चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारा गया बदमाश पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था और गैंग के लिए शार्प शूटर के रूप में काम करता था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group